पत्थलगांव तहसील में तीन चरणों में होगा “राजस्व पखवाड़ा” आयोजन, ग्रामीणों की समस्याओं का होगा त्वरित समाधान
नामांतरण , सीमांकन , प्रमाण पत्र एवं राजस्व मामलों के निराकरण के लिए हर गांव में लगाए जाएंगे शिविर

पत्थलगांव । छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देशानुसार पत्थलगांव तहसील में “राजस्व पखवाड़ा” का आयोजन तीन चरणों में किया जाएगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में राजस्व से संबंधित लंबित मामलों का त्वरित एवं शत-प्रतिशत निराकरण करना है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार , राजस्व पखवाड़ा के अंतर्गत तहसील के प्रत्येक गांव में शिविर लगाए जाएंगे, जहां आम नागरिक अपनी समस्याओं का समाधान मौके पर ही प्राप्त कर सकेंगे। इस दौरान नामांतरण, खाता विभाजन, सीमांकन, नक्शा बंटांकन, अभिलेख त्रुटि सुधार जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे।
तीन चरणों में होगा आयोजन :
प्रथम चरण : 01 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026
द्वितीय चरण : 04 मई से 18 मई 2026
तृतीय चरण : 01 जून से 15 जून 2026
शिविरों में जन्म, मृत्यु, जाति, आय एवं निवास प्रमाण पत्र के लिए आवेदन भी स्वीकार किए जाएंगे । साथ ही आधार, मोबाइल नंबर और किसान किताब की प्रविष्टि जैसे कार्य भी सुनिश्चित किए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त जनहानि, फसल क्षति एवं पशु हानि से संबंधित मामलों (RBC 6-4) का निराकरण तथा भूमि अर्जन प्रकरणों का भी निपटारा किया जाएगा। स्वामित्व योजना के अंतर्गत अधिकार अभिलेख वितरण एवं वार्षिक कृषि सारणी को अद्यतन करने का कार्य भी इस दौरान किया जाएगा।
प्रशासन द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने ग्राम पंचायत में संपर्क कर शिविर की तिथि की जानकारी प्राप्त करें और अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस योजना का लाभ उठाएं ।



