RSS पत्थलगांव एवं BEO ऑफिस पत्थलगांव द्वारा किया गया “Space On Wheels” का स्वागत , मॉडल के माध्यम से छात्रों को मिलेगी अंतरिक्ष की जानकारी

जशपुर जिले के पत्थलगांव में विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान से जोड़ने के उद्देश्य से “Space on Wheels” कार्यक्रम की शुरुआत आज से हो गई है । विशेष बस के पत्थलगांव पहुंचने पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के स्वयंसेवकों एवं BEO कार्यालय के अधिकारियों द्वारा इसका भव्य स्वागत किया गया । इस अनूठी पहल के तहत जिले के लगभग 152 स्कूलों के 10 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं को अंतरिक्ष विज्ञान की रोचक और आधुनिक जानकारी दी जाएगी।

“Space on Wheels” बस के माध्यम से बच्चों को अंतरिक्ष से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को सरल और व्यावहारिक तरीके से समझाया जाएगा । कार्यक्रम के अंतर्गत बस में चंद्रयान और मंगलयान जैसे प्रमुख अंतरिक्ष मिशनों के आकर्षक एवं लाइव मॉडल प्रदर्शित किए जाएंगे , जिससे विद्यार्थियों को विज्ञान को समझने में काफी आसानी होगी और उनकी जिज्ञासा भी बढ़ेगी ।

जिला प्रशासन , संघ के आनुषांगिक संगठन विज्ञान भारती एवं विज्ञान विभाग के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना और उन्हें अंतरिक्ष अनुसंधान के प्रति प्रेरित करना है । यह बस पत्थलगांव से लुड़ेग , कांसाबेल , जशपुर सहित अन्य विकासखंडों में जाकर विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देगी ।

कार्यक्रम लगभग 14 दिनों तक संचालित किया जाएगा , जिसमें प्रतिदिन सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं शामिल होंगे ।

साथ ही यह बस शासकीय पीजी कॉलेज जशपुर में भी पहुंचेगी , जहां महाविद्यालय के विद्यार्थी भी इस प्रदर्शनी का लाभ उठा सकेंगे।विशेषज्ञों के अनुसार , इस प्रकार के नवाचार कार्यक्रम बच्चों को आधुनिक विज्ञान एवं तकनीक से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और भविष्य में उन्हें वैज्ञानिक क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।




