गुरु नानक जयंती पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पत्थलगांव ने किया गुरु नानक देव जी का स्मरण, गुरुद्वारा पहुंचकर किए दर्शन

संघ कार्यालय में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई गुरु नानक जयंती, गुरु सिंह सिख सभा के सदस्यों से सुनीं गुरु नानक देव जी की जीवन लीलाएं
पत्थलगांव। सिख धर्म के प्रथम गुरु एवं महान संत गुरु नानक देव जी की जयंती के पावन अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पत्थलगांव द्वारा श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर संघ के स्वयंसेवकों ने संघ कार्यालय में गुरु नानक देव जी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उनका स्मरण किया तथा उनके आदर्शों और शिक्षाओं को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के पश्चात राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक पत्थलगांव स्थित गुरुद्वारा पहुंचे, जहां उन्होंने मत्था टेककर गुरु नानक देव जी का आशीर्वाद प्राप्त किया एवं दर्शन किए। इस दौरान गुरु सिंह सिख सभा पत्थलगांव के सदस्यों से आत्मीय मुलाकात कर गुरु नानक देव जी के जीवन प्रसंगों, उनकी आध्यात्मिक शिक्षाओं एवं मानव कल्याण के लिए किए गए कार्यों का श्रवण किया।

इस अवसर पर गुरु नानक देव जी के जीवन से जुड़े सेवा, समरसता, सद्भाव, समानता एवं मानवता के संदेशों को याद किया गया।

उनके द्वारा दिए गए ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ के सिद्धांत आज भी समाज को सद्भाव, परिश्रम और परोपकार की प्रेरणा देते हैं।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों की इस सहभागिता ने गुरु नानक जयंती के अवसर पर सामाजिक सद्भाव, धार्मिक सम्मान और आपसी आत्मीयता का सुंदर संदेश दिया।






