गुरु नानक जयंती पर निकली आस्था की भव्य यात्रा, गुरुवाणी और सेवा भाव से गूंजा पत्थलगांव

पंच प्यारों की अगुवाई में नगर भ्रमण पर निकली शोभायात्रा, सिख समाज की बेटियों ने झाड़ू लगाकर पेश की सेवा की मिसाल; अग्रवाल सभा, ब्राह्मण समाज और हरियाणा-राजस्थान सामाजिक संगठन ने किया भव्य स्वागत
पत्थलगांव। गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर पत्थलगांव में रविवार को धार्मिक आस्था और सामाजिक एकजुटता का सुंदर दृश्य देखने को मिला। सिख समाज की ओर से निकाली गई भव्य शोभायात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। कहीं गुरुवाणी की गूंज सुनाई दे रही थी तो कहीं गुरु महाराज के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो रहा था। विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत ने इस आयोजन को धार्मिक सद्भाव और आपसी भाईचारे का प्रतीक बना दिया।
नगर के स्थानीय गुरुद्वारा साहिब से प्रारंभ हुई शोभायात्रा में सबसे आगे पारंपरिक वेशभूषा में पंच प्यारे चल रहे थे। उनके पीछे सिख समाज के महिला, पुरुष और बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। शोभायात्रा जशपुर रोड, अंबिकापुर रोड और रायगढ़ रोड सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। मार्ग में जगह-जगह लोगों ने श्रद्धा के साथ शोभायात्रा का स्वागत और अभिवादन किया ।

सड़क पर झाड़ू लगाती बेटियों ने खींचा सबका ध्यान, सेवा का दिया संदेश
इस भव्य आयोजन में सिख समाज की बेटियों की विशेष भूमिका आकर्षण का केंद्र रही। शोभायात्रा के दौरान युवतियां और बेटियां सड़क पर झाड़ू लगाते हुए आगे बढ़ीं। उनकी यह पहल गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं में निहित सेवा, विनम्रता और मानवता के भाव को प्रदर्शित कर रही थी। इस दृश्य ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश भी दिया। बेटियों की इस सेवा भावना की लोगों ने सराहना की।

एकरूप वेशभूषा और महिलाओं के भजनों ने बांधा समां
शोभायात्रा में सिख समाज की महिलाओं द्वारा गुरु नानक देव जी की महिमा में भजन और धार्मिक गीत प्रस्तुत किए जा रहे थे। गुरुवाणी की मधुर धुनों के बीच श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ आगे बढ़ते नजर आए। समाज के लोगों की एकरूप आकर्षक वेशभूषा और अनुशासित सहभागिता ने शोभायात्रा की भव्यता को और बढ़ा दिया। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी गुरु महाराज के प्रकाश पर्व की खुशियां साझा करते दिखाई दिए।

अग्रवाल सभा, ब्राह्मण समाज और सामाजिक संगठनों ने किया स्वागत
शोभायात्रा के दौरान पत्थलगांव की सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव की झलक भी देखने को मिली। अग्रवाल सभा, ब्राह्मण समाज तथा हरियाणा-राजस्थान सामाजिक संगठन की ओर से शोभायात्रा का आत्मीय स्वागत किया गया। विभिन्न समाजों की इस सहभागिता ने गुरु नानक देव जी के प्रेम, समानता और भाईचारे के संदेश को और अधिक सार्थक बना दिया।
गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व केवल धार्मिक उत्सव ही नहीं, बल्कि मानवता, सेवा और समानता के आदर्शों को आत्मसात करने का अवसर भी है। पत्थलगांव में निकली इस शोभायात्रा ने इन्हीं मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ नगर की सामाजिक एकजुटता की सुंदर तस्वीर प्रस्तुत की।





