गणेश विसर्जन को लेकर प्रशासन अलर्ट , शांति समिति की बैठक में तय हुई व्यवस्थाएं

समितियों को एक सप्ताह पहले देनी होगी आयोजन की जानकारी, शाम 7 बजे से पहले विसर्जन के निर्देश
पत्थलगांव। गणेश उत्सव एवं आगामी गणेश विसर्जन को लेकर पत्थलगांव प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में एसडीएम कार्यालय में एसडीएम क्षितिज गुरभेले की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों ने गणेश उत्सव समितियों से समन्वय बनाकर शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं सुरक्षित विसर्जन कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल, थाना प्रभारी जितेंद्र ताम्रकार, नगर पालिका सीएमओ जावेद खान सहित शांति समिति के सदस्य एवं नागरिक उपस्थित रहे।
🟠 आयोजन की जानकारी एक सप्ताह पहले देना अनिवार्य
एसडीएम क्षितिज गुरभेले ने गणेश उत्सव समितियों को निर्देशित किया कि आयोजन एवं विसर्जन से संबंधित सभी आवश्यक जानकारी प्रशासन को समय पर उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी आयोजन की सूचना कम से कम एक सप्ताह पहले प्रशासन को देना अनिवार्य होगा।समितियों को पंडाल स्थल, आयोजन स्थल, पार्किंग व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी भी प्रशासन को उपलब्ध करानी होगी।

🚩 विसर्जन रैली की पूरी जानकारी देनी होगी
प्रशासन ने विसर्जन के दौरान निकलने वाली रैलियों को लेकर भी समितियों से विस्तृत जानकारी मांगी है। समितियों को पहले से बताना होगा कि विसर्जन में कितने लोग शामिल होंगे, कितने वाहन जाएंगे, डीजे की व्यवस्था है या नहीं, रैली का निर्धारित मार्ग क्या होगा तथा रैली कहां से शुरू होकर कहां समाप्त होगी।इससे प्रशासन को भीड़, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर ढंग से नियंत्रित करने में सहायता मिलेगी।
⏰ शाम 7 बजे से पहले करना होगा प्रतिमाओं का विसर्जन
एसडीएम ने निर्देश दिए कि सभी गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन शाम 7 बजे से पहले करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। समितियों से अपील की गई कि निर्धारित समय और प्रशासन द्वारा तय व्यवस्थाओं का पालन करते हुए विसर्जन कार्यक्रम को व्यवस्थित तरीके से संपन्न करें।
🔥 पंडालों में फायर सेफ्टी के इंतजाम जरूरी
बैठक में गणेश पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष चर्चा हुई। एसडीएम ने समितियों को पंडालों में फायर सेफ्टी के आवश्यक इंतजाम एवं सुरक्षा उपकरण उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि उत्सव के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाए।

👮 अनुमति लेना अनिवार्य : एसडीओपी
एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल ने कहा कि गणेश उत्सव एवं विसर्जन से संबंधित सभी आयोजनों के लिए प्रशासन से अनुमति लेना अनिवार्य है। उन्होंने गणेश उत्सव समितियों से पंडालों में सुरक्षा के आवश्यक उपकरण रखने तथा प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की।
🚫 नशे से दूर रहकर शांतिपूर्ण विसर्जन की अपील
एसडीओपी ने कहा कि उत्सव के दौरान उत्साह में कुछ लोगों द्वारा नशे का सेवन किए जाने से विवाद अथवा दुर्घटना जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने सभी समितियों एवं नागरिकों से नशे से दूर रहते हुए अनुशासन और संयम के साथ गणेश विसर्जन करने की अपील की।
🤝 प्रशासन ने मांगा समितियों और नागरिकों का सहयोग
बैठक के अंत में प्रशासन ने गणेश उत्सव समितियों एवं नागरिकों से आपसी समन्वय और सहयोग के साथ विसर्जन कार्यक्रम संपन्न कराने की अपील की। प्रशासन का उद्देश्य है कि गणेश विसर्जन शांतिपूर्ण, व्यवस्थित, सुरक्षित एवं निर्धारित नियमों के अनुरूप संपन्न हो तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो ।





