पत्थलगांव में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के धर्म जागरण विभाग एवं राष्ट्रीय सेविका समिति के तत्वावधान में निकली भव्य चुनरी यात्रा , सैकड़ों श्रद्धालु हुए सम्मिलित

माता रानी के जयकारों से भक्तिमय हुआ नगर, विभिन्न दुर्गोत्सव पंडालों में पहुंचकर चुनरी अर्पित कर लिया मां भगवती का आशीर्वाद
पत्थलगांव। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर पत्थलगांव में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के धर्म जागरण विभाग एवं राष्ट्रीय सेविका समिति के तत्वावधान में भव्य चुनरी यात्रा निकाली गई। धार्मिक आस्था, श्रद्धा और भक्ति से ओतप्रोत इस यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा के दौरान भक्तों ने विभिन्न दुर्गोत्सव पंडालों में पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन किए तथा माता रानी को चुनरी अर्पित कर सुख-समृद्धि एवं नगर की खुशहाली की कामना की।

चुनरी यात्रा का शुभारंभ संघ कार्यालय में भारत माता की आरती के साथ हुआ। इसके पश्चात श्रद्धालु क्रमबद्ध रूप से नगर के विभिन्न दुर्गोत्सव पंडालों के लिए रवाना हुए। यात्रा के दौरान भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला। माता रानी के जयकारों और भक्तिमय वातावरण के बीच श्रद्धालुओं ने विभिन्न स्थानों पर विराजित मां दुर्गा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।

यात्रा के अंतर्गत श्रद्धालुओं ने शारदा दुर्गोत्सव समिति,

सेठपारा दुर्गोत्सव समिति,

म्हारी दुर्गा उत्सव समिति,

आदर्श सार्वजनिक (मातु) दुर्गा उत्सव समिति,

नव उदय दुर्गोत्सव समिति (मंडी प्रांगण),

बाजारपारा दुर्गा उत्सव समिति तथा

श्री सत्यनारायण मंदिर पहुंचकर मां भगवती के दर्शन किए और चुनरी अर्पित की। इसके पश्चात यात्रा का समापन

मां भगवती दुर्गोत्सव समिति के पंडाल में हुआ।
इस धार्मिक आयोजन के माध्यम से नगर के विभिन्न दुर्गोत्सव समितियों के बीच आपसी सद्भाव, सामाजिक समरसता और धार्मिक एकता का संदेश दिया गया। चुनरी यात्रा में श्रद्धालुओं की सहभागिता ने नवरात्र के उत्सवी माहौल को और अधिक भक्तिमय बना दिया।
पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में मां दुर्गा के प्रति गहरी आस्था और उत्साह दिखाई दिया। चुनरी अर्पित कर भक्तों ने माता रानी से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्य बनाए रखने की प्रार्थना की।




