Latest News

नशे में धुत चालक का सड़क किनारे खड़े लोगों पर कहर , तेज रफ्तार आर्टिगा ने 9 वाहनों को मारी टक्कर ; 4 लोग गंभीर घायल

पत्थलगांव के पालीडीह स्थित बजाज शोरूम के सामने हुआ हादसा, गलत दिशा में दौड़ाई कार; भागने की कोशिश कर रहे 21 वर्षीय आरोपी को लोगों ने दौड़ाकर पकड़ा, पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल

पत्थलगांव। नशे की हालत में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना कितना खतरनाक साबित हो सकता है, इसकी एक भयावह तस्वीर पत्थलगांव थाना क्षेत्र के पालीडीह में सामने आई है। यहां 16 नवंबर की शाम करीब 5 बजे पाकरगांव की ओर से आ रही एक अनियंत्रित आर्टिगा कार ने गलत दिशा में घुसकर सड़क किनारे खड़े लोगों और वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दो चारपहिया वाहनों समेत सात मोटरसाइकिलें क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

मामले में पत्थलगांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक घनश्याम यादव (21 वर्ष), निवासी पालीडीह धनियापारा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने दुर्घटना में प्रयुक्त आर्टिगा कार क्रमांक CG13AN1090 को भी जब्त कर लिया है।

file 00000000a54c820ba37f445ca9a56c4b

बजाज शोरूम के सामने मचाया कहर, चार लोग आए चपेट में

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी बोधलाल नायक अपने भतीजे खेमचंद नायक और साथी सीताराम नायक व संदीप चौहान के साथ आल्टो कार से मोटरसाइकिल खरीदने पालीडीह स्थित जिंदल बजाज शोरूम पहुंचा था। इसी दौरान उनका परिचित विके बंजारा भी मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा। सभी ने अपने वाहन शोरूम के सामने सड़क किनारे खड़े किए और बाइक देखने के लिए अंदर चले गए।

इसी बीच शाम करीब 5 बजे पाकरगांव की ओर से आ रही आर्टिगा कार तेज रफ्तार में गलत दिशा में सड़क के दाहिने हिस्से पर पहुंच गई। अनियंत्रित कार ने वहां खड़ी स्विफ्ट डिजायर और आल्टो कार सहित कई मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी तथा शोरूम के सामने मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में खेमचंद नायक, सीताराम नायक, संदीप चौहान और विके बंजारा गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, बोधलाल नायक ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।

251940

डिवाइडर के गड्ढे में फंसी कार, भाग रहे चालक को लोगों ने पकड़ा

हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन उसकी आर्टिगा कार सड़क के डिवाइडर के गड्ढे में फंस गई। इसके बाद आरोपी कार से उतरकर पैदल भागने लगा। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे दौड़ाकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी की पहचान घनश्याम यादव, पिता बसंत यादव, उम्र 21 वर्ष, निवासी पालीडीह धनियापारा के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, घटना के समय आरोपी नशे की हालत में था।

दो कार और सात बाइक सहित नौ वाहन क्षतिग्रस्त

इस भीषण दुर्घटना में कुल नौ वाहन क्षतिग्रस्त हुए। इनमें स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक CG15CU9284, आल्टो कार क्रमांक CG04KQ4824 और सात मोटरसाइकिलें शामिल हैं। क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलों में CG14MN4246, CG14MX0667, CG14MS4069, CG14MW7608, CG14M8496, CG14MF8918 और CG13BH4959 शामिल हैं।

251940 1

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल

मामले में प्रार्थी बोधलाल नायक की रिपोर्ट पर थाना पत्थलगांव में अपराध क्रमांक 276/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 110 एवं 324(2) में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने प्रार्थी एवं गवाहों के बयान दर्ज किए तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

विवेचना के दौरान आरोपी घनश्याम यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने घटना कारित करना स्वीकार किया। इसके बाद दुर्घटना में प्रयुक्त आर्टिगा कार को गवाहों की मौजूदगी में विधिवत जब्त किया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

जशपुर पुलिस की अपील – नशे में वाहन चलाना पड़ सकता है भारी

घटना के बाद जशपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि शराब अथवा किसी भी प्रकार के नशे की हालत में वाहन न चलाएं। वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा और यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस ने कहा कि वाहन चालक की थोड़ी सी लापरवाही किसी की जिंदगी पर भारी पड़ सकती है। स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।

212692 1

Pawan Agrawal

प्रधान संपादक , राष्ट्रवादी न्यूज़ ✍️🇮🇳 होटल मिलन 🏢🎑🏕️🏡 सांवरिया स्टेशनरी & गिफ्ट गैलरी 📝📒🎒🎉🎁🎈 नगर पालिका के सामने , जशपुर रोड (पत्थलगांव) 496118

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button