किलकिला मंदिर की जमीन पर समझौते से नया विवाद ! 20 फीट जमीन देने के फैसले पर हिंदू संगठनों में नाराजगी , पुराने बाउंड्रीवाल की सीमा पर निर्माण की मांग

प्रशासन की मौजूदगी में मंदिर समिति और ग्रामीणों के बीच बनी सहमति पर उठे सवाल; आखिर मंदिर की पुरानी सीमा छोड़ने की क्या है वजह? अब बाउंड्रीवाल निर्माण को लेकर बढ़ सकता है विवाद
किलकिला/पत्थलगांव। प्रसिद्ध किलकिला मंदिर की बाउंड्रीवाल को लेकर शुरू हुआ विवाद अब एक नए मोड़ पर पहुंच गया है। जिस विवाद को प्रशासन की मौजूदगी में आपसी सहमति से सुलझाने की कोशिश की गई थी, वही समझौता अब विरोध की वजह बनता नजर आ रहा है। मंदिर समिति और ग्रामीणों के बीच पुराने बाउंड्रीवाल से अंदर की ओर 20 फीट जमीन ग्रामीणों को देने पर सहमति बनी, लेकिन इस फैसले के सामने आते ही पत्थलगांव क्षेत्र के हिंदू संगठनों और मंदिर के प्रति आस्था रखने वाले लोगों ने कड़ा विरोध जताया है।
मामला अब सिर्फ बाउंड्रीवाल निर्माण तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि मंदिर की पुरानी सीमा और परिसर की जमीन को लेकर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।

पुरानी बाउंड्री तोड़कर निर्माण शुरू हुआ, तभी खड़ा हुआ विवाद
दरअसल, किलकिला मंदिर परिसर में पुरानी बाउंड्रीवाल को तोड़कर नए सिरे से निर्माण कार्य कराया जा रहा था। इसके लिए गड्ढों की खुदाई शुरू हुई ही थी कि कुछ ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर जमीन को लेकर आपत्ति जताई। देखते ही देखते मामला विवाद में बदल गया और निर्माण कार्य को लेकर असमंजस की स्थिति निर्मित हो गई।
विवाद की गंभीरता को देखते हुए प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने जमीन की नाप-जोख कर दोनों पक्षों के बीच सहमति बनाने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि प्रशासन की टीम ने तीन से चार बार नाप-जोख की, लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे।
20 फीट जमीन देने पर बनी सहमति, अब इसी फैसले पर सवाल
लगातार विवाद के बाद प्रशासन की मौजूदगी में मंदिर समिति और ग्रामीणों के बीच बैठक आयोजित की गई। बैठक में विवाद को शांत करने के उद्देश्य से सहमति बनी कि पुराने बाउंड्रीवाल से मंदिर की ओर अंदर की तरफ 20 फीट जमीन ग्रामीणों को दी जाएगी।
हालांकि, इस समझौते के बाद विवाद थमने के बजाय एक नए विरोध के रूप में सामने आ गया। पत्थलगांव के हिंदू संगठनों और किलकिला मंदिर के श्रद्धालुओं ने इस फैसले पर आपत्ति जताते हुए कहा है कि मंदिर की पुरानी बाउंड्री जिस स्थान पर पहले से मौजूद थी, निर्माण भी उसी सीमा पर कराया जाना चाहिए।

हिंदू संगठनों का दो टूक रुख – पुरानी सीमा से पीछे क्यों हटे मंदिर समिति?
हिंदू संगठनों से जुड़े लोगों का कहना है कि मंदिर की पुरानी बाउंड्रीवाल की सीमा को ही निर्माण का आधार बनाया जाना चाहिए। मंदिर परिसर की जमीन को लेकर 20 फीट पीछे हटने का समझौता स्वीकार्य नहीं है। उनका मानना है कि मंदिर की पुरानी सीमा के अनुरूप ही नए सिरे से बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया जाना चाहिए।
अब प्रशासन के सामने सबसे बड़ा सवाल!
एक तरफ प्रशासन की मौजूदगी में मंदिर समिति और ग्रामीणों के बीच सहमति बन चुकी है, वहीं दूसरी तरफ हिंदू संगठनों और श्रद्धालुओं ने इस समझौते के विरोध में आवाज बुलंद कर दी है। ऐसे में अब सवाल उठने लगा है कि क्या मंदिर समिति इस समझौते पर पुनर्विचार करेगी? क्या प्रशासन पुराने बाउंड्रीवाल की वास्तविक सीमा और जमीन से जुड़े दस्तावेजों के आधार पर दोबारा स्थिति स्पष्ट करेगा?
फिलहाल किलकिला मंदिर की बाउंड्रीवाल का निर्माण किस सीमा पर होगा, यह स्पष्ट नहीं है। लेकिन इतना जरूर है कि 20 फीट जमीन देने के समझौते ने मंदिर परिसर की बाउंड्रीवाल से जुड़े विवाद को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है। अब सभी की निगाहें प्रशासन के अगले कदम और मंदिर समिति के फैसले पर टिकी हैं।






