भगवा ध्वजों के सैलाब से भगवामय हुआ पत्थलगांव , भोजपुरी समाज की भव्य बाइक रैली ने बांधा समां

जय छठी मैया और सूर्य देव के जयकारों से गूंजा शहर, युवाओं ने किया सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ; आज अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे हजारों श्रद्धालु
पत्थलगांव। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर पत्थलगांव में भक्ति, उत्साह और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। छठ महापर्व की धार्मिक उमंग के बीच रविवार को भोजपुरी समाज के युवाओं एवं पदाधिकारियों ने भगवा ध्वजों के साथ भव्य बाइक रैली निकालकर पूरे शहर को भक्तिमय बना दिया। सड़कों पर लहराते भगवा ध्वजों, युवाओं के जोश और ‘जय छठी मैया’, ‘सूर्य देव भगवान की जय’ के गगनभेदी जयकारों से पूरा शहर गूंज उठा।

भोजपुरी समाज के युवा एवं पदाधिकारी सुबह 10 बजे हरियाणा पंचायती धर्मशाला में एकत्रित हुए, जहां से बाइक रैली का विधिवत शुभारंभ हुआ। भगवा ध्वजों से सजी बाइकों का विशाल काफिला रायगढ़ रोड से होते हुए अंबिकापुर रोड, पुरानी बस्ती और प्रेमनगर छठ घाट पहुंचा। इसके बाद रैली पूरन तालाब स्थित छठ घाट पहुंची। यहां हनुमान जी की प्रतिमा के समक्ष युवाओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया तथा सभी के सुख, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।
भगवा ध्वजों और धार्मिक जयकारों ने बढ़ाया उत्साह, एकजुटता का दिया संदेश

बाइक रैली के दौरान युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। भगवा ध्वजों से सजी बाइकों का काफिला शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरा तो जगह-जगह लोगों का ध्यान आकर्षित हुआ। छठी मैया और सूर्य देव के जयकारों के बीच युवाओं ने अपनी धार्मिक आस्था, सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति समर्पण का परिचय दिया। रैली ने छठ महापर्व के उल्लास को और भी खास बना दिया।
दुल्हन की तरह सजा पूरन तालाब छठ घाट, रंगीन रोशनी से जगमगाया परिसर

छठ महापर्व को लेकर पत्थलगांव के प्रसिद्ध पूरन तालाब छठ घाट में विशेष तैयारियां की गई हैं। आकर्षक विद्युत सजावट, रंग-बिरंगी रोशनी और मनमोहक साज-सज्जा से घाट को दुल्हन की तरह सजाया गया है। घाट की भव्यता और तैयारियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। व्रती महिलाओं एवं उनके परिजनों के लिए पूजा-अर्चना को लेकर व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।
आज अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे हजारों श्रद्धालु
छठ महापर्व के दूसरे महत्वपूर्ण चरण में रविवार शाम श्रद्धालु अस्ताचलगामी सूर्य देव को प्रथम सांध्य अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके लिए दोपहर बाद से ही व्रती महिलाएं, श्रद्धालु और उनके परिजन छठ घाटों पर पहुंचना शुरू करेंगे। पारंपरिक सूप, फल, ठेकुआ और पूजन सामग्री के साथ व्रती महिलाएं जल में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगी तथा छठी मैया से परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना करेंगी।
छठ गीतों और भक्ति के रंग में रंगा पूरा शहर

इन दिनों पत्थलगांव का वातावरण पूरी तरह छठमय हो गया है। एक ओर घरों में छठी मैया के पारंपरिक गीतों की गूंज सुनाई दे रही है, तो दूसरी ओर घाटों की जगमगाती सजावट और श्रद्धालुओं की तैयारियां महापर्व की भव्यता को चार चांद लगा रही हैं। भोजपुरी समाज की बाइक रैली ने इस धार्मिक उत्सव में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया है। अब सभी की निगाहें छठ घाटों पर होने वाले सांध्य अर्घ्य और अगले दिन उगते सूर्य को दिए जाने वाले प्रातःकालीन अर्घ्य पर टिकी हैं। लोक आस्था, अनुशासन, सामूहिकता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का संदेश देने वाला यह महापर्व पत्थलगांव में पूरे श्रद्धाभाव के साथ मनाया जा रहा है।




