स्थायी वारंटियों के खिलाफ जशपुर पुलिस का विशेष अभियान, 13 वारंट तामील

पत्थलगांव पुलिस ने 08 स्थायी वारंटों की तामिली कर 06 वारंटियों को किया गिरफ्तार, न्यायालय में पेश; एक वारंटी की हो चुकी थी मृत्यु
जशपुर/पत्थलगांव। न्यायालय से जारी स्थायी एवं अन्य लंबित वारंटों की तामिली तथा लंबे समय से फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए जशपुर पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत 23 सितंबर 2026 से अब तक जिले में 13 स्थायी वारंटों की तामिली की जा चुकी है।
अभियान के दौरान थाना पत्थलगांव पुलिस द्वारा विभिन्न आपराधिक प्रकरणों में लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों की लगातार पतासाजी करते हुए कुल 08 स्थायी वारंटों की तामिली की गई। इनमें 06 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जबकि एक वारंटी के विरुद्ध दो अलग-अलग प्रकरणों में स्थायी वारंट लंबित पाए गए। वहीं एक स्थायी वारंटी की मृत्यु हो चुकी होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।
इन वारंटियों पर हुई कार्रवाई
शैलेश कुमार भगत: थाना पत्थलगांव के अपराध क्रमांक 202/2022 एवं प्रकरण क्रमांक 511/2022 में धारा 420, 467, 468, 120(बी), 471 एवं 341 भादंवि के तहत स्थायी वारंट जारी था। पुलिस ने पतासाजी कर आरोपी शैलेश कुमार भगत, पिता बसिया राम, उम्र लगभग 31 वर्ष, निवासी केवकहार/परसापारा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
जुगेश्वर यादव: धारा 138 निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट के प्रकरण में जुगेश्वर यादव, पिता परमानंद यादव, निवासी ग्राम कंधार, पत्थलगांव के विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट जारी था। पत्थलगांव पुलिस ने उसकी पतासाजी कर वारंट की तामिली करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया।
राजू कुजूर: निवासी चिडरापारा, पत्थलगांव के राजू कुजूर, पिता बलमत कुजूर, उम्र लगभग 30 वर्ष के विरुद्ध दो अलग-अलग मामलों में स्थायी वारंट लंबित थे। पहला अपराध क्रमांक 197/2022, प्रकरण क्रमांक 529/2022, धारा 457, 380, 34 भादंवि तथा दूसरा अपराध क्रमांक 195/2022, प्रकरण क्रमांक 530/2022, धारा 457, 380, 34 भादंवि का था। पुलिस ने दोनों मामलों में जारी वारंटों की तामिली करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
मोहन उर्फ गुन्नू यादव: प्रकरण क्रमांक 1037/2024 एवं अपराध क्रमांक 03/2022 में धारा 457, 380, 379, 34 भादंवि के तहत स्थायी वारंट जारी था। पुलिस ने पतासाजी कर मोहन उर्फ गुन्नू यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।
मयंक रोहिला: प्रकरण क्रमांक 970/2024 एवं अपराध क्रमांक 120/2024 में धारा 294, 506 एवं 323 भादंवि के तहत स्थायी वारंट जारी था। पत्थलगांव पुलिस ने आरोपी मयंक रोहिला की पतासाजी कर स्थायी वारंट की तामिली की और उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
निरंजन एक्का: प्रकरण क्रमांक 856/2025 एवं अपराध क्रमांक 17/2025 में धारा 28, 125(ए), 125(बी) के तहत स्थायी वारंट जारी था। थाना पत्थलगांव पुलिस ने कटंगतरई निवासी लगभग 25 वर्षीय निरंजन एक्का की पतासाजी कर उसे गिरफ्तार किया तथा न्यायालय में पेश किया।
एक स्थायी वारंटी की हो चुकी थी मृत्यु
अभियान के दौरान प्रकरण क्रमांक 270/2020 एवं अपराध क्रमांक 217/2020 में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 5, 6 एवं 10 के तहत स्थायी वारंट वाले रामू मिंज की मृत्यु हो चुकी होने की जानकारी सामने आई। पुलिस द्वारा इसकी पुष्टि कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।
कोतबा पुलिस ने भी दो स्थायी वारंटियों को किया गिरफ्तार
इसी अभियान के तहत चौकी कोतबा पुलिस ने भी दो स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। इनमें वेदलाल सिदार, निवासी घोघरा, के विरुद्ध प्रकरण क्रमांक 254/21 में धारा 342, 394, 34 भादंवि तथा विजय चौहान, निवासी कोतबा, के विरुद्ध प्रकरण क्रमांक 316/22 में धारा 294, 506(बी), 323 एवं 324 के तहत वारंट लंबित था।
इसके अलावा जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी कार्रवाई की गई। पूर्व में थाना लोदाम, सिटी कोतवाली जशपुर तथा थाना फरसाबहार पुलिस द्वारा एक-एक स्थायी वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है।
न्यायालय से जारी वारंटों की तामिली पर पुलिस का जोर
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस द्वारा न्यायालय से जारी स्थायी एवं अन्य लंबित वारंटों की तामिली को प्राथमिकता देते हुए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस टीमों द्वारा वारंटियों के संभावित ठिकानों की जानकारी एकत्रित कर उनकी लगातार पतासाजी की जा रही है। न्यायालय से जारी लंबित वारंटों की तामिली के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
यह कार्रवाई डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के दिशा-निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी पत्थलगांव डॉ. ध्रुवेश जायसवाल के पर्यवेक्षण में की गई।




