गौ सेवकों ने एक्सीडेंट कर भाग रही टैंकर गाड़ी को बाकारुमा तक दौड़ाकर पकड़ा , घायल गौ माता का कराया इलाज ; पत्थलगांव की गौ माता संबंधी व्यवस्थाओं पर उठे गंभीर सवाल

पत्थलगांव में गौ सुरक्षा को लेकर एक गंभीर घटना सामने आई है, जिसने स्थानीय प्रशासन और व्यवस्था पर कई बड़े प्रश्न खड़े कर दिए हैं । घटना एक्सिस बैंक के सामने की बताई जा रही है , जहां एक गौ माता सड़क पार कर रही थी , तभी तेज रफ्तार से आ रही टैंकर गाड़ी ने जोरदार टक्कर मार दी । टक्कर इतनी भीषण थी कि गौ माता गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया । घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद गौ भक्त बड़ी संख्या में एकत्रित हो गए । इसी दौरान गौ सेवक मन्नू मेहरा बिना समय गंवाए नंगे पांव ही भागती हुई टैंकर गाड़ी का पीछा करने निकल पड़े । बाकारुमा क्षेत्र के गौ भक्तों ने भी उनका साथ दिया और आखिरकार काफी दूरी तक पीछा करने के बाद टैंकर चालक को पकड़ने में सफलता मिली ।

घटना की सूचना राष्ट्रवादी न्यूज़ के पवन अग्रवाल को विकास दुबे एवं वरिष्ठ पत्रकार सुरेन्द्र चेतावनी द्वारा दी गई । सूचना मिलते ही तुरंत वेटनरी अस्पताल से संपर्क किया गया , जिसके बाद डॉ• बाल साय पैंकरा , डॉ. भगत एवं अरुण लहरे मौके पर पहुंचे ।

स्थानीय कॉलोनी के गोप्रेमियों ने भी घायल गौ माता को संभालकर रखा था । घटना स्थल का दृश्य अत्यंत दर्दनाक था । गौ माता का एक पैर पूरी तरह टूट चुका था और अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था । डॉक्टरों की टीम ने तत्काल प्राथमिक उपचार शुरू किया और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया ।

इसके बाद सभी गौ सेवकों ने मिलकर गौ माता को वेटनरी अस्पताल ले जाने का निर्णय लिया ।

हालांकि इस पूरी घटना ने कई गंभीर समस्याओं को उजागर किया है —
1) आपातकालीन स्थिति में डॉक्टर को तुरंत बुलाने के लिए कोई निश्चित हेल्पलाइन नंबर उपलब्ध नहीं है।
2) कई गौ पालक अपनी गायों को मुख्य सड़कों पर खुला छोड़ देते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है ।
3) वाहन चालक तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हैं, जिससे इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं ।
4) गंभीर रूप से घायल पशुओं को अस्पताल पहुंचाने के लिए कोई समुचित वाहन या व्यवस्था उपलब्ध नहीं है ।
5) वेटनरी अस्पताल में पशुओं को बांधने, रखने और भोजन की पर्याप्त व्यवस्था का अभाव है , साथ ही आधुनिक इलाज सुविधाएं भी सीमित हैं ।

गौ सेवकों का कहना है कि यदि इन पांच प्रमुख समस्याओं का समाधान किया जाए , तो पत्थलगांव में गौ माता की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है । इस घटना के बाद सभी गौ भक्तों ने क्षेत्र की विधायक महोदया से इन समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की है , ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके ।




