Latest News

पत्थलगांव नगर पालिका के प्लेसमेंट कर्मचारियों ने किया काम बंद , ईपीएफ राशि जमा नहीं होने का आरोप

पत्थलगांव नगर पालिका के प्लेसमेंट कर्मचारियों ने किया काम बंद, ईपीएफ राशि जमा नहीं होने का आरोप

वेतन भुगतान में देरी और ईपीएफ की राशि को लेकर कर्मचारियों में नाराजगी, पालिका कार्यालय के सामने धरने पर बैठे

पत्थलगांव। नगर पालिका परिषद पत्थलगांव में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों ने ईपीएफ की राशि जमा नहीं किए जाने और लंबे समय से वेतन भुगतान में अनियमितता का आरोप लगाते हुए मंगलवार सुबह काम बंद कर दिया। नाराज कर्मचारी नगर पालिका कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए। कर्मचारियों के काम बंद करने से शहर की सफाई व्यवस्था सहित नगर पालिका के अन्य कार्य प्रभावित होने लगे हैं।

हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों का कहना है कि नगर पालिका द्वारा उनके वेतन का भुगतान तो किया गया है, लेकिन वेतन से काटी गई ईपीएफ की राशि पिछले कुछ महीनों से संबंधित खातों में जमा नहीं की गई है। कर्मचारियों के अनुसार, इस संबंध में नगर पालिका के अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ।

कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें कई बार समय पर वेतन नहीं मिलने के कारण घरेलू खर्च चलाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। उनकी मांग है कि हर महीने की 1 से 5 तारीख के बीच वेतन का भुगतान किया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

ईपीएफ राशि जमा कराने की मांग

कर्मचारियों द्वारा दिए गए आवेदन में बताया गया है कि नगर पालिका पत्थलगांव में कार्यरत समस्त प्लेसमेंट श्रमिकों को वेतन का भुगतान किया गया है, लेकिन पूर्व में ठेकेदार संजय कंस्ट्रक्शन, बीकापुर, मनोज कुमार शर्मा, पत्थलगांव तथा पवन अग्रवाल, जांजगीर-चांपा के माध्यम से लिए गए प्लेसमेंट श्रमिकों के मानदेय से काटी गई ईपीएफ की राशि में से कुछ महीनों की राशि जमा नहीं की गई है।

कर्मचारियों का आरोप है कि ईपीएफ राशि के संबंध में कई बार अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन आज दिनांक तक संबंधित राशि जमा नहीं की गई। कर्मचारियों ने कहा कि इसी कारण उन्हें मजबूर होकर हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा है।

मांग पूरी होने तक काम बंद रखने की चेतावनी

प्लेसमेंट कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनके वेतन से काटी गई ईपीएफ की राशि उनके संबंधित खातों में जमा नहीं की जाती, तब तक वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे। कर्मचारियों ने नगर पालिका में अधिकारियों द्वारा दबावपूर्वक एवं भेदभावपूर्ण तरीके से कार्य कराने का आरोप भी लगाया है।

हड़ताल के चलते शहर की सफाई व्यवस्था और नगर पालिका से जुड़े अन्य दैनिक कार्य प्रभावित होने की स्थिति बन गई है। अब देखना होगा कि नगर पालिका प्रशासन कर्मचारियों की मांगों पर क्या कार्रवाई करता है।

1004436957

Pawan Agrawal

प्रधान संपादक , राष्ट्रवादी न्यूज़ ✍️🇮🇳 होटल मिलन 🏢🎑🏕️🏡 सांवरिया स्टेशनरी & गिफ्ट गैलरी 📝📒🎒🎉🎁🎈 नगर पालिका के सामने , जशपुर रोड (पत्थलगांव) 496118

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button