Latest News

भाजपा संगठन में बड़ा फेरबदल: छत्तीसगढ़ की कमान अब कर्मवीर के हाथों , पवन साय को झारखंड की जिम्मेदारी

राष्ट्रीय स्तर पर 24 नेताओं को नई संगठनात्मक जिम्मेदारियां, छत्तीसगढ़ में बदला संगठन का चेहरा

रायपुर/नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को लेकर बड़ा फेरबदल करते हुए देशभर में प्रदेश महामंत्री (संगठन), प्रदेश सह महामंत्री (संगठन) और अन्य संगठनात्मक दायित्वों पर नई नियुक्तियां की हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन द्वारा 24 सितंबर 2026 को जारी सूची में कई राज्यों के संगठनात्मक दायित्वों में बदलाव किया गया है।

छत्तीसगढ़ में कर्मवीर को मिली बड़ी जिम्मेदारी

इन नियुक्तियों में छत्तीसगढ़ के लिए सबसे महत्वपूर्ण बदलाव के तौर पर कर्मवीर जी को भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ का प्रदेश महामंत्री (संगठन) नियुक्त किया गया है। आदेश के अनुसार उनका केंद्र रायपुर रहेगा।

कर्मवीर इससे पहले भाजपा संगठन में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार उन्होंने उत्तर प्रदेश के एटा, अलीगढ़ और बरेली विभाग में विभाग प्रचारक की जिम्मेदारी संभाली। इसके बाद मेरठ प्रांत के सह प्रांत प्रचारक और ब्रज प्रांत के सह प्रांत प्रचारक के रूप में भी कार्य किया। वर्ष 2020 से वे भाजपा उत्तर प्रदेश में प्रदेश सह महामंत्री (संगठन) रहे और अगस्त 2022 से झारखंड के प्रदेश महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अब उन्हें छत्तीसगढ़ का प्रदेश महामंत्री (संगठन) बनाया गया है।

पवन साय की जगह अब कर्मवीर

छत्तीसगढ़ भाजपा में यह बदलाव इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि अब तक प्रदेश संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे पवन साय को झारखंड का प्रदेश महामंत्री (संगठन) बनाया गया है। वहीं छत्तीसगढ़ के संगठनात्मक दायित्व से जुड़े अजय जामवाल को महाराष्ट्र का प्रदेश महामंत्री (संगठन) बनाया गया है।

शिवप्रकाश को भी छत्तीसगढ़ समेत पांच राज्यों का दायित्व

नई व्यवस्था में शिवप्रकाश को राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी दी गई है। उनके दायित्व में आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और गोवा शामिल हैं। उनका केंद्र मुंबई निर्धारित किया गया है।

देशभर में संगठनात्मक बदलाव

भाजपा की जारी सूची में महाराष्ट्र, बिहार, तेलंगाना, असम, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, गुजरात, उत्तराखंड, दिल्ली, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, ओडिशा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल सहित विभिन्न राज्यों के संगठनात्मक दायित्वों में बदलाव किया गया है। कुल 24 नेताओं को नई संगठनात्मक जिम्मेदारियां दी गई हैं।

छत्तीसगढ़ के लिहाज से कर्मवीर की प्रदेश महामंत्री (संगठन) के रूप में नियुक्ति इस फेरबदल की प्रमुख नियुक्तियों में शामिल है। नई नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।

Pawan Agrawal

प्रधान संपादक , राष्ट्रवादी न्यूज़ ✍️🇮🇳 होटल मिलन 🏢🎑🏕️🏡 सांवरिया स्टेशनरी & गिफ्ट गैलरी 📝📒🎒🎉🎁🎈 नगर पालिका के सामने , जशपुर रोड (पत्थलगांव) 496118

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button