रायपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: लैलूंगा के प्रतिष्ठित व्यापारी महेश मित्तल की 20 वर्षीय बेटी अक्षरा का निधन, नगर में शोक की लहर

लैलूंगा। राजधानी रायपुर में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लैलूंगा के मित्तल परिवार की खुशियां छीन लीं। नगर के प्रतिष्ठित व्यापारी एवं श्री ट्रेडर्स के संचालक महेश मित्तल की 20 वर्षीय होनहार बेटी अक्षरा मित्तल का मंगलवार, 17 नवंबर 2026 को सड़क दुर्घटना में असामयिक निधन हो गया। इस हृदयविदारक घटना की खबर मिलते ही लैलूंगा नगर सहित अग्रवाल समाज और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अक्षरा मित्तल रायपुर में रहकर चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) की आर्टिकलशिप कर रही थीं। बताया जा रहा है कि मंगलवार को वह एमएमआई हॉस्पिटल के ऑडिट कार्य के सिलसिले में स्कूटी से गई थीं। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल की टक्कर से वह सड़क पर गिर गईं। दुर्भाग्यवश, इसी बीच पीछे से आ रहे एक भारी वाहन की चपेट में आने से उनकी दर्दनाक मौत हो गई।

महज 20 वर्ष की आयु में अक्षरा का इस तरह असमय दुनिया से चले जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। पढ़ाई और करियर को लेकर उनके उज्ज्वल भविष्य की उम्मीदें थीं, लेकिन एक दर्दनाक हादसे ने सब कुछ छीन लिया। उनके निधन की खबर से मित्तल परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

इस दुखद घटना पर लैलूंगा नगर के नागरिकों, अग्रवाल समाज एवं शुभचिंतकों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत अक्षरा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।
ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल मित्तल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें। ॐ शांति।



