कोतबा सीएमओ टी.आर. यादव को हाईकोर्ट से बड़ी राहत, स्थानांतरण आदेश पर लगी अंतरिम रोक; पत्थलगांव में सीएमओ पद को लेकर सस्पेंस बरकरार


पत्थलगांव। नगर पंचायत कोतबा में मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) के स्थानांतरण को लेकर चल रही सियासी और प्रशासनिक हलचल के बीच छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट, बिलासपुर ने बड़ा फैसला सुनाया है। हाईकोर्ट ने कोतबा सीएमओ टी.आर. यादव (ठुनुराम यादव) के स्थानांतरण आदेश के क्रियान्वयन पर अंतरिम रोक लगा दी है। इस आदेश के बाद श्री यादव फिलहाल नगर पंचायत कोतबा में ही सीएमओ के पद पर बने रहेंगे। वहीं, पत्थलगांव नगर पालिका परिषद में सीएमओ की जिम्मेदारी किसे मिलेगी, इसे लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
30 अक्टूबर को जारी हुआ था स्थानांतरण आदेश

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने 30 अक्टूबर 2026 को प्रशासनिक आदेश जारी करते हुए नगर पंचायत कोतबा के सीएमओ टी.आर. यादव का स्थानांतरण नगर पालिका परिषद पत्थलगांव कर दिया था। वहीं, पत्थलगांव में पदस्थ जावेद खान को नगर पंचायत कोतबा की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
स्थानांतरण आदेश जारी होते ही दोनों नगरीय निकायों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। कोतबा में जावेद खान की पदस्थापना को लेकर विरोध के स्वर उठने लगे, जबकि पत्थलगांव में टी.आर. यादव के आगमन को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं।
उपाध्यक्ष और पार्षदों ने किया था स्थानांतरण का विरोध

नगर पंचायत कोतबा की उपाध्यक्ष सुमन सुनील शर्मा सहित पार्षदों ने शासन के स्थानांतरण आदेश का विरोध करते हुए पत्थलगांव विधायक एवं जशपुर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा था। जनप्रतिनिधियों ने टी.आर. यादव को कोतबा में ही यथावत रखने की मांग की थी।
जनप्रतिनिधियों का कहना था कि टी.आर. यादव की कुशल वित्तीय प्रबंधन क्षमता और पारदर्शी कार्यशैली के कारण नगर पंचायत में विकास कार्य व्यवस्थित तरीके से संचालित हो रहे हैं। उन्होंने उनके स्थानांतरण पर असहमति जताते हुए कोतबा में उनकी निरंतर सेवाएं जारी रखने की मांग की थी।
हाईकोर्ट में दाखिल की गई थी याचिका
शासन के स्थानांतरण आदेश को चुनौती देते हुए सीएमओ टी.आर. यादव ने अपने अधिवक्ताओं मनोज चौहान, सोमकांत वर्मा एवं शशांक तिवारी के माध्यम से छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में याचिका क्रमांक WPS/7999/2026 दाखिल की थी।
5 नवंबर 2026 को हुई प्रारंभिक सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता मनोज चौहान ने पक्ष रखते हुए दलील दी कि संबंधित स्थानांतरण आदेश छत्तीसगढ़ शासन की स्थानांतरण नीति 2025 तथा जनगणना के संबंध में भारत सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के विपरीत है।
हाईकोर्ट ने लगाई अंतरिम रोक, चार सप्ताह में जवाब तलब

मामले की प्रारंभिक सुनवाई के दौरान प्रस्तुत दलीलों पर विचार करने के बाद माननीय उच्च न्यायालय ने टी.आर. यादव के स्थानांतरण आदेश के क्रियान्वयन पर अंतरिम रोक लगा दी। साथ ही संबंधित पक्षकारों को नोटिस जारी करते हुए चार सप्ताह के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
हाईकोर्ट के इस आदेश के बाद नगर पंचायत कोतबा के जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने राहत की सांस ली है। फिलहाल टी.आर. यादव कोतबा में ही सीएमओ के पद पर अपनी जिम्मेदारी निभाते रहेंगे।
पत्थलगांव में अब किसे मिलेगी सीएमओ की जिम्मेदारी?
हाईकोर्ट के अंतरिम आदेश के बाद अब प्रशासनिक चर्चाओं का केंद्र पत्थलगांव नगर पालिका परिषद बन गया है। टी.आर. यादव के पत्थलगांव स्थानांतरण पर फिलहाल रोक लगने के बाद यहां सीएमओ की जिम्मेदारी किस अधिकारी को सौंपी जाएगी, यह बड़ा सवाल बन गया है।
अब सभी की निगाहें नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के आगामी निर्णय और नए प्रशासनिक आदेशों पर टिकी हुई हैं। फिलहाल हाईकोर्ट के आदेश ने कोतबा में स्थानांतरण को लेकर जारी हलचल पर विराम लगा दिया है, लेकिन पत्थलगांव में सीएमओ की नियुक्ति को लेकर सस्पेंस बरकरार है।





