श्री सत्यनारायण मंदिर में अन्नकूट भंडारे में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब , हजारों भक्तों ने सपरिवार ग्रहण किया प्रसाद… श्री सत्यनारायण मंदिर समिति ने भंडारे को दिया विस्तार , सात्विक देहाती बड़े और पाताल चटनी की भी रखी विशेष व्यवस्था

पत्थलगांव। दीपोत्सव के अगले दिन गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर श्री सत्यनारायण मंदिर, पत्थलगांव में भव्य अन्नकूट भंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु भक्तजन सपरिवार मंदिर पहुंचे और बड़े ही श्रद्धा, प्रेम एवं उत्साह के साथ भगवान का प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे में उमड़ी भक्तों की भारी भीड़ ने आयोजन की भव्यता और धार्मिक आस्था का सुंदर परिचय दिया।

दोपहर 1 बजे से प्रारंभ हुए इस भंडारे में श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की विशेष व्यवस्था की गई थी। आयोजन की एक खास पहल के रूप में डिस्पोजल के माध्यम से पार्सल सुविधा भी उपलब्ध कराई गई, जिसकी श्रद्धालुओं द्वारा खूब सराहना की जा रही है। इससे बुजुर्गों, परिवारों एवं अन्य भक्तजनों को प्रसाद प्राप्त करने में काफी सुविधा मिली।भंडारे का आयोजन दोपहर 1 बजे से प्रारंभ होकर शाम 4 बजे तक संपन्न होने की ओर था, तभी श्री सत्यनारायण मंदिर समिति (पत्थलगांव) ने भंडारे को आगे भी जारी रखने की पहल की। सभी के सहयोग से प्रसाद वितरण का क्रम और आगे बढ़ा तथा शाम 6 बजे तक भी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जा रहा था।

इतना ही नहीं, समिति के द्वारा शाम 6 बजे भक्तजनों के लिए विशेष रूप से सात्विक देहाती बड़े एवं पाताल चटनी की भी व्यवस्था की गई, जिससे अन्नकूट भंडारे में एक और विशेष आकर्षण जुड़ गया।गोवर्धन पूजा के इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धा, सेवा, समर्पण और सामूहिक सहभागिता का सुंदर दृश्य देखने को मिला। हजारों भक्तों ने सपरिवार प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। वहीं, आयोजन में सहयोग देने वाले श्रद्धालुओं एवं सेवाभावी लोगों की पहल ने अन्नकूट महोत्सव को और भी यादगार बना दिया।




