सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अमित पांडे के खिलाफ अग्रवाल समाज मुखर ; अभद्र टिप्पणी और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के आरोप में SSP से शिकायत

जशपुर जिले के पत्थलगांव में सोशल मीडिया पर एक समाज विशेष के खिलाफ आपत्तिजनक , अमर्यादित और भ्रामक टिप्पणियां साझा करने का एक गंभीर मामला प्रकाश में आया है । अग्रवाल समाज पत्थलगांव ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अमित पांडे के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) , जशपुर को एक लिखित आवेदन देकर तत्काल दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है । यह शिकायत अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (SDOP) पत्थलगांव के माध्यम से प्रस्तुत की गई है ।

फेसबुक के जरिए समाज को बदनाम करने का आरोप
प्राप्त शिकायत के अनुसार, आरोपी की पहचान अमित पांडे (पिता अभय नारायण पांडे) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से अंबिकापुर, जिला सरगुजा (छत्तीसगढ़) का निवासी है और सोशल मीडिया पर एक इन्फ्लुएंसर के रूप में सक्रिय है। अग्रवाल समाज के प्रतिनिधियों का आरोप है कि अमित पांडे पिछले लंबे समय से अपने फेसबुक अकाउंट का दुरुपयोग कर अग्रवाल समाज के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक, अभद्र और समाज की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणियां पोस्ट कर रहा है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, उसकी इन गतिविधियों से क्षेत्र के सामाजिक ताने-बाने और आपसी भाईचारे को भारी नुकसान पहुंच रहा है।

जातीय विद्वेष फैलाने का कुत्सित प्रयास
आवेदन में यह भी स्पष्ट किया गया है कि आरोपी अमित पांडे द्वारा जानबूझकर अपनी पोस्ट्स में विभिन्न जातियों का उल्लेख किया जा रहा है और उनके बीच अन्याय होने की झूठी, निराधार तथा सच्चाई से परे बातें फैलाई जा रही हैं। इस प्रकार की भ्रामक जानकारियों के कारण क्षेत्र में रह रही विभिन्न जातियों के बीच आपसी सौहार्द बिगड़ने और वातावरण के अशांत होने की गंभीर आशंका उत्पन्न हो गई है।
“निजी स्वार्थ के लिए घोला जा रहा जातीय जहर” — अग्रवाल समाज
शिकायत पत्र में समाज के प्रबुद्ध जनों ने उल्लेख किया है :
“पत्थलगांव क्षेत्र में आदिकाल से ही विभिन्न जातियों और समुदायों के लोग आपस में मिल-जुलकर, एक-दूसरे के रीति-रिवाजों और त्योहारों का सम्मान करते हुए शांतिपूर्ण ढंग से रहते आए हैं। परंतु, पिछले कुछ दिनों से अमित पांडे द्वारा अपने निहित स्वार्थों और लोकप्रियता के लिए समाज में ‘जातीय जहर’ फैलाकर लोगों को उकसाने का कुत्सित प्रयास किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में कभी भी अशांति फैल सकती है।”
कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग
अग्रवाल समाज पत्थलगांव ने पुलिस प्रशासन से इस विषय की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत संज्ञान लेने का अनुरोध किया है। आवेदन के साथ आरोपी द्वारा फेसबुक पर साझा की गई आपत्तिजनक पोस्ट्स के स्क्रीनशॉट (छायाप्रति) भी साक्ष्य के रूप में संलग्न किए गए हैं। समाज की मांग है कि उक्त फेसबुक अकाउंट की सघन तकनीकी जांच कर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की जाए और उचित कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए।
इस आवेदन पर मुख्य रूप से अग्रवाल समाज पत्थलगांव के पदाधिकारी एवं सदस्य — जिनमें परशुराम अग्रवाल , अनिल मित्तल , रामलाल अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, मुरारीलाल अग्रवाल , भीमराज अग्रवाल , रामनिवास अग्रवाल , विजय अग्रवाल , रमेश अग्रवाल , प्रयागराज अग्रवाल , अनिल अग्रवाल , राजेश अग्रवाल , सुंदरलाल अग्रवाल , किशन अग्रवाल , मुकेश बंसल , अंकित बंसल , पवन अग्रवाल , जितेंद्र अग्रवाल , मौसम अग्रवाल , दिवाकर अग्रवाल , हर्षित अग्रवाल सहित समाज के अन्य गणमान्य नागरिक शामिल हैं, के हस्ताक्षर मौजूद हैं।





