अंबिकापुर रोड की बदहाल हालत से परेशान दुकानदारों और आमजन ने PWD कार्यालय पहुंचकर सौंपा सामूहिक आवेदन, शीघ्र सड़क निर्माण की मांग

पत्थलगांव। शहर के अंबिकापुर रोड की जर्जर एवं बदहाल सड़क अब स्थानीय दुकानदारों और आम नागरिकों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है। सड़क की खराब स्थिति से लगातार हो रही परेशानियों को लेकर क्षेत्र के व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने एकजुट होकर लोक निर्माण विभाग (PWD) कार्यालय पहुंचकर कार्यपालन अभियंता के नाम सामूहिक आवेदन सौंपा और सड़क का शीघ्र निर्माण एवं डामरीकरण कराने की मांग की।
सौंपे गए आवेदन में बताया गया है कि अंबिकापुर रोड की सड़क वर्तमान में अत्यंत जर्जर स्थिति में है। सड़क जगह-जगह से टूट चुकी है, जिसके कारण दिनभर भारी मात्रा में धूल उड़ती रहती है। इसका सीधा असर सड़क किनारे संचालित दुकानों और वहां आने-जाने वाले लोगों पर पड़ रहा है।
दुकानदारों का कहना है कि लगातार उड़ती धूल के कारण दुकानों में धूल भर जाती है, जिससे व्यापारियों के सामान खराब होने के साथ-साथ ग्राहकों को भी काफी असुविधा होती है। वहीं, स्थानीय नागरिकों और राहगीरों को भी इस समस्या से प्रतिदिन जूझना पड़ रहा है। धूल के कारण लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी हुई है। इसके अलावा सड़क की बदहाल स्थिति के चलते दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बना रहता है।
शीघ्र सड़क निर्माण एवं डामरीकरण की मांग
व्यापारियों एवं आम नागरिकों ने PWD विभाग से मांग की है कि अंबिकापुर रोड की वर्तमान स्थिति का शीघ्र निरीक्षण कराया जाए तथा सड़क निर्माण एवं डामरीकरण का कार्य जल्द से जल्द प्रारंभ किया जाए, ताकि स्थानीय लोगों, व्यापारियों और राहगीरों को इस गंभीर समस्या से राहत मिल सके।
इस सामूहिक आवेदन पर क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों के संचालकों एवं स्थानीय लोगों ने हस्ताक्षर कर अपनी समस्याओं और मांगों को विभाग के समक्ष रखा है।
अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस गंभीर समस्या पर कितनी शीघ्रता से संज्ञान लेकर सड़क निर्माण की दिशा में आवश्यक कदम उठाता है।






