पत्थलगांव में खाद कारोबारियों में कथित पत्रकारों का खौफ , वीडियो बनाकर उगाही

खाद की बिक्री को लेकर सोशल मीडिया में बदनाम करने का आरोप, एक व्यवसायी से 50 हजार रुपये फोन-पे में लिया

पत्थलगांव । पत्थलगांव क्षेत्र में खाद कारोबारियों के बीच कथित रूप से कुछ लोगों द्वारा वीडियो बनाकर दबाव बनाने और उगाही किए जाने का मामला सामने आया है। खाद व्यवसायियों का आरोप है कि ऋषिकेश मिश्रा, अमित पांडे समेत कुछ अन्य लोगों द्वारा उन्हें सोशल मीडिया पर बदनाम करने की धमकी दी जा रही है और कथित वीडियो वायरल करने का दबाव बनाया जा रहा है।
व्यवसायियों के अनुसार , कुछ फर्जी लोगों द्वारा कैमरे से लेश चश्मे के माध्यम से खाद दुकानों में कथित रूप से अधिक दर पर खाद बिक्री का वीडियो बनाए जाने के बाद उसे सोशल मीडिया में प्रसारित करने की धमकी दी जा रही है। आरोप है कि इसी वीडियो को आधार बनाकर कुछ व्यवसायियों से पैसे की मांग भी की गई। खाद व्यवसायी राजेश अग्रवाल ने आरोप लगाया है कि लैलूंगा-राजपुर निवासी ऋषिकेश मिश्रा द्वारा धमकी और दबाव बनाकर फोन-पे के माध्यम से 50 हजार रुपये लिए गए ।





