पिथौरा का नाम फिर चमका: अंडर-14 खिलाड़ी खुशाल यादव का राज्य स्तरीय स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट में चयन

पिथौरा / महासमुंद:पिथौरा क्षेत्र के उभरते हुए नन्हे प्रतिभावान खिलाड़ी खुशाल यादव (अंडर-14) ने अपनी कड़ी मेहनत और उत्कृष्ट खेल के बल पर राज्य स्तरीय स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट में अपना स्थान पक्का कर लिया है। इस चयन प्रक्रिया का आयोजन जिला मुख्यालय महासमुंद में किया गया था, जहाँ संभाग के महासमुंद धमतरी रायपुर बलौदाबाजार गरियाबंद से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद खुशाल यादव ने अपने शानदार प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।
पिथौरा क्रिकेट एकेडमी की मेहनत रंग लाई
खुशाल यादव की इस बड़ी उपलब्धि में पिथौरा क्रिकेट एकेडमी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। एकेडमी में दिए जा रहे उच्च स्तरीय प्रशिक्षण और सही मार्गदर्शन के कारण आज क्षेत्र के युवा खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं। एकेडमी द्वारा खिलाड़ियों को निखारने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयास और उत्कृष्ट माहौल की सर्वत्र सराहना हो रही है।
पिथौरा क्रिकेट अकादमी के पदाधिकारी और सदस्यों सहित खेल अधिकारी एवं गणमान्य जनों ने दी बधाई
खुशाल यादव के इस शानदार चयन पर पिथौरा क्रिकेट अकादमी के संयोजक मनमीत सिंह छाबड़ा अध्यक्ष दुलीकेशन साहू एवं अकादमी के कोच सुनील यादव सहित के सभी सदस्यों एवं खेल अधिकारी गबेल सर, योगेश सोनवानी ने हर्ष व्यक्त करते हुए खिलाड़ी को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।इसके साथ ही क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों एवं एकेडमी से जुड़े प्रमुख सदस्यों ने भी खुशाल यादव को शुभकामनाएं प्रेषित की हैं,
संयोजक मनमीत छाबड़ा ने कहा:”पिथौरा क्रिकेट एकेडमी का उद्देश्य ग्रामीण एवं स्थानीय प्रतिभाओं को सही मंच प्रदान करना है। खुशाल यादव का राज्य स्तरीय टूर्नामेंट में चयन हम सभी के लिए बेहद गर्व की बात है। यह सफलता एकेडमी के कोच, खिलाड़ियों की मेहनत और खेल प्रेमियों के सहयोग का प्रतिफल है।”
खुशाल के राज्य स्तरीय चयन से पूरे पिथौरा क्षेत्र और खेल जगत में खुशी की लहर दौड़ गई है। सभी ने उम्मीद जताई है कि वे राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर पिथौरा का नाम रोशन करेंगे।




